: राष्ट्रीय लोक अदालत 13 जुलाई को
Mon, Jul 8, 2024
बलिया। उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के तत्वाधान में 13 जुलाई को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत एवं माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा 29 जुलाई से 03 अगस्त तक विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाना है। जिसके व्यापक प्रचार-प्रसार और जनसहभागिता सुनिश्चित करने के लिये माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया अशोक कुमार-सप्तम के साथ-साथ श्री विरेन्द्र कुमार पाण्डेय प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय एवं अरविन्द कुमार उपाध्याय पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, बलिया द्वारा लोक अदालत के महत्व एवं उपयोगिता और कार्य पारदर्शिता और व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु सोमवार को प्रचार वाहन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। जिसका संचालन हरीश कुमार, अपर जनपद न्यायाधीश/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के द्वारा किया गया। उक्त प्रचार वाहन दीवानी न्यायालय परिसर बलिया से निकलकर जिले के समस्त तहसीलों का भ्रमण करते हुये जन-जन तक लोक अदालत के महत्व को बतायेगी तथा जनसामान्य को यह अवगत करायेगी कि वह अपने सभी प्रकार के मामलों, जो जुर्माने से दण्डनीय हो, अथवा पारिवारिक विवाद, जमीनी विवाद, बिजली के मामलें, टेलीफोन बिल के मामलें, टेक्स के मामले, चेक बाउंस के मामलें, सुलह योग्य फौजदारी मामलें, इत्यादि का पूर्ण और प्रभावी समाधान प्राप्त कर सकते है। राष्ट्रीय लोक अदालत में निस्तारित किये गये मामले की कोई अपील नही की जाती। आपके खर्चे भी कम आते है और समाधान का प्रभाव वैसा ही होता है जैसा न्यायालय द्वारा दिये गये निर्णय का प्रभाव होता है। अपने मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में लगाकर, सस्ता व सुलभ न्याय प्राप्त कर सकते है। उक्त कार्यक्रम के दौरान न्यायालय के समस्त पीठासीन अधिकारीगण, अधिवक्तागण, कर्मचारीगण, सुरक्षाकर्मी, पैरालीगल वालेन्टियर्स, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, वादकारीगण व अन्य लोग भी उपस्थित रहें। जनपद बलिया के समस्त जनसामान्य से यह अपेक्षा की जाती है कि वह अपने मामलों की त्वरित न्याय के लिये सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दीवानी न्यायालय परिसर बलिया से सम्पर्क कर सकते है।
: संवेदना व्यक्त करने पहुंचे जनपद के दो आला अधिकारी
Fri, Jul 5, 2024
बलिया।उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय मिश्र के पिता जी के निधन पर अपना शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे जनपद के पूर्व प्रभारी वरिष्ठ कोषाधिकारी एंव जिला पंचायत के वित्त एवं लेखाधिकारी हिमांचल यादव और जनपद के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह अजय मिश्र के जापलिंन गंज स्थित आवास पर पहुंच कर अजय मिश्र और उनके बड़े भाई अशोक कुमार मिश्र से मिल कर अपनी संवेदना व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि अजय मिश्र के पिता जी केदार नाथ मिश्र का 25 जून को 95 वर्ष की आयु में निधन हो गया था।दोनों जनपद के आला अधिकारीगण के साथ उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष जितेन्द्र सिंह, जिला मंत्री डॉ॰ राजेश पाण्डेय,सोहांव अध्यक्ष तुषार कान्त राय आदि पदाधिकारी के साथ ही वरिष्ठ लिपिक अजय पाण्डेय शामिल रहे।
: जिलाधिकारी ने किया वन महोत्सव का शुभारम्भ
Mon, Jul 1, 2024
बलिया।पेड़ लगाओ पेड़ बचाओ अभियान के अन्तर्गत देश में 01 जुलाई, 2024 से 07 जुलाई, 2024 तक वन महोत्सव मनाया जा रहा है, जिसके अन्तर्गत एक जुलाई को कलेक्ट्रेट परिसर में वन विभाग वन महोत्सव 2024 के तहत वृक्षारोपण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में आम्रपाली आम का पौध लगाकर वन महोत्सव की शुरूआत की गयी। जिलाधिकारी, बलिया द्वारा पौधरोपण के उपरान्त आम जनमानस को वृक्षारोपण कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु जागरूक करते हुए संदेश दिया गया कि "जीवन शब्द की उत्पति जीव व वन शब्द से हुई है अर्थात जीवन का अस्तित्व बिना वन के सम्भव नही है अर्थात जीवन के लिए पेड़-पौधों का होना अपरिहार्य है। पेड़ लगाये जीवन बचायें।" इसके बाद पुलिस अधीक्षक, बलिया द्वारा भी आम का पौध लगाया गया तथा संदेश दिया गया कि प्रत्येक व्यक्ति को वृक्षारोपण कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए तथा धरा को हरियाली से परिपूर्ण करने हेतु वृक्षारोपण कार्यक्रम सफलतापूर्वक किया जाना आवश्यक है। अपर जिलाधिकारी डीपी सिंह द्वारा महोगनी का वृक्ष लगाया गया इसके साथ ही प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी प्रभाग, बलिया द्वारा महुआ का पौध तथा उप प्रभागीय वनाधिकारी, बलिया द्वारा मौलश्री का पौध लगाकर वन महोत्सव कार्यक्रम आरम्भ किया गया। प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी प्रभाग, बलिया द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में उपस्थित आम जनमानस को वृक्षारोपण एवं रोपित पौधों की सुरक्षा हेतु जागरूक किया गया। बलिया वन विभाग के अन्तर्गत 01 जुलाई से 07 जुलाई तक विभिन्न रेंजों में वन महोत्सव का कार्यक्रम आयोजित किये जायेगे, जिनमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ आम जनमानस की जनसहभागिता सुनिश्चित की जायेगी।