बालक का चाकू गोदकर हत्या,फकरुराय के टोला से लौट रहा था बालक : ग्रामीणों द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग जाम किया गया था,गिरफ्तारी के आश्वासन पर जाम हटा
Ajay Mishra
Fri, Jun 27, 2025
जितेन्द्र यादव (जीतू) की रिपोर्ट
बलिया। बैरिया थाना क्षेत्र के फकरु राय टोला में बृहस्पतिवार की रात करीब डेढ़ बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम देखकर लौट रहे 12 वर्षीय बालक की आधा दर्जन लड़कों ने घेर कर चाकू से वार कर हत्या कर दिया। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे घटना स्थल से उठाकर सीएचसी सोनबरसा ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को लेकर अपने गांव शिवन राय टोला भोर में चार बजे पहुँचे और एनएच-31 को जाम कर दिया। सूचना मिलते ही कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। मौके पर पहुँचे एसडीएम बैरिया आलोक कुमार सिंह,सीओ सदर मोहम्मद उस्मान एवं बैरिया सीओ मोहम्मद फहीम के 24 घंटे के अंदर गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने करीब डेढ़ घंटे बाद की जाम समाप्त कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। उधर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह भी घटना स्थल पहुँच घटना स्थल का निरीक्षण किया तथा लोगों से पूछताछ की।
मिली जानकारी के अनुसार बैरिया थाना क्षेत्र के शिवन राय टोला निवासी हरेंद्र यादव का 12 वर्षीय पुत्र गोलू यादव बृहस्पतिवार की रात फकरु राय टोला में सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने गया हुआ था,जहां से कार्यक्रम देखने के बाद करीब डेढ़ बजे घर वापस आ रहा था,तभी रास्ते में करीब आधा दर्जन लड़कों ने उसे घेर लिया और चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी, इसकी जानकारी होने पर परिजन तत्काल घटना स्थल पर पहुंचे और बालक को लेकर सीएचसी सोनबरसा पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने बालक को मृत घोषित कर दिया। मृतक कक्षा आठ की परीक्षा दिया हुआ था। इस बाबत पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि एक बालक की चाकू से गोदकर हत्या करने की पुलिस को सूचना मिली थी। बताया जा रहा है कि बालक बगल के फकरु राय के टोला में तेरही कार्यक्रम में भाग लेने गया हुआ था। वहां से वापस लौटते वक्त बदमाशों ने बालक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। कुछ लोगों की पहचान कर ली गई है। गिरफ्तारी के लिए टीम में गठित कर दी गई है। परिजनों द्वारा तहरीर दी जा रही है। जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
