मतदाता पुनर्निरीक्षण 2026 जिलाधिकारी ने बूथोंका निरीक्षण करदिए निर्देश : त्रुटि सुधार पर जोर,फार्मस को शीघ्र अपलोड करने के निर्देश,बैठने की व्यवस्था न होने पर DM की सख्ती
Ajay Mishra
Sun, Feb 22, 2026
बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने रविवार को जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यह निरीक्षण भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधान सभा क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) 2026 के अंतर्गत आयोजित विशेष अभियान दिवस के दौरान किया गया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक टेबल पर स्पष्ट रूप से बूथ नंबर अंकित होना चाहिए तथा बीएलओ अधिक से अधिक लोगों से फॉर्म-6 भरवाकर अभियान को गति दें। उन्होंने बीएलओ को प्राप्त दावों और आपत्तियों (फॉर्म-6, 7 और 8) के रजिस्टरों की गहन जांच की और मतदाता सूची में नाम, फोटो या पते से संबंधित त्रुटियों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
डीएम ने सबसे पहले राजकीय इंटर कॉलेज स्थित बूथ का निरीक्षण कर वहां चल रहे कार्यों की जानकारी ली और उपस्थित मतदाताओं से बातचीत कर फीडबैक लिया। इसके बाद सतीश चंद्र कॉलेज के बूथ पर सुपरवाइजर एवं बीएलओ के बैठने की समुचित व्यवस्था न होने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने एईआरओ को फटकार लगाते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बीएलओ और चपरासी के लिए कुर्सियों की व्यवस्था कराने तथा निर्वाचन कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाले प्रधानाचार्य को शोकॉज नोटिस जारी करने के आदेश दिए।
निरीक्षण के क्रम में लक्ष्मी राज देवी इंटर कॉलेज स्थित पोलिंग सेंटर का भी जायजा लिया, जहां सात बूथ संचालित पाए गए। बीएलओ को बैठने नहीं देने की शिकायत पर डीएम ने गंभीर आपत्ति दर्ज करते हुए संबंधित प्रधानाचार्य के खिलाफ शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
इसके बाद विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 360 फेफना के अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय फेफना, गड़वार का निरीक्षण किया। यहां संचालित पांच बूथों पर अब तक प्राप्त फॉर्म-6 और उनके निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली तथा लंबित आवेदनों को शीघ्र अपलोड करने के निर्देश दिए। प्राथमिक विद्यालय सागरपाली के निरीक्षण के दौरान डीएम ने सभी बीएलओ और सुपरवाइजरों को आपसी समन्वय से विशेष अभियान को सफल बनाने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की बाधा या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित की जाएं।
विज्ञापन
