सोनबरसा गौशाला में बछड़ों की दुर्दशा : 2 बछड़ों की मौत,मृत बछ़ड़ों का हाल जानने वाला कोई नहीं,पड़ी है लाश,लाशों की दुर्दशा
Ajay Mishra
Tue, Sep 2, 2025
संवाददाताः शक्ति उजाला / जितेन्द्र यादव 'जीतू'
बलिया । बैरिया तहसील के मुरली छपरा विकासखंड स्थित सोनबरसा भगवानपुर गौशाला में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां लगभग 150 बछड़ों में से दो की मौत हो गई है। मृत बछड़ों की लाशें पिछले दो दिनों से गौशाला में पड़ी हुई हैं। गौशाला की स्थिति बेहद खराब है। बछड़ों को समय पर भोजन नहीं मिल रहा है। कुछ बछड़ों को जमीन पर और कचरे पर भूसा फेंककर खिलाया जा रहा है। कई बछड़े कुपोषण का शिकार हो गये हैं। कुछ बीमार बछड़े जमीन पर गिरे पड़े हैं। मृत बछड़ों की लाशों की दुर्दशा हो रही है। इससे आसपास दुर्गंध फैल रही है। स्थानीय लोगों तथा आने-जाने वालों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस दुर्गंध से बीमारी और हैजा फैलने का खतरा है। मनोज, राकेश, रामसरिका, शिवजी यादव, राजेश यादव और मुकेश यादव सहित कई ग्रामीणों ने इस मामले की शिकायत की है। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जब गौशाला के जिम्मेदार सचिव नागेंद्र से इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि मुझे कुछ पता नहीं है बछड़ों की मौत की जानकारी ही नहीं है।
विज्ञापन
