निर्वाचन नामावली के गहन पुनर्निरीक्षण की दृष्टिगत हुई बैठक : जिलाधिकारी ने ली वेयर हाउस में बैठक
Ajay Mishra
Tue, Aug 26, 2025
बलिया। निर्वाचक नामावली के आगामी गहन पुनरीक्षण के दृष्टिगत जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को ई0वी0एम0/वी0वी0पैट गोदाम के मासिक निरीक्षण के पूर्व ई0वी0एम0 वेयरहाउस के प्रांगण में समस्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की एक बैठक आयोजित की गयी। जनपद में अवस्थित विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों यथा 357-बेल्थरा रोड (अ0जा0), 358-रसड़ा, 359-सिकन्दरपुर, 360-फेफना, 361- बलिया नगर, 362- बांसडीह एवं 363- बैरिया से संबंधित सामान्य सूचनाओं यथा मतदान स्थल, मतदान केन्द्र, निर्वाचकों की संख्या, जेण्डर रेशियो, ई0पी0 रेशियो के साथ-साथ आगामी गहन पुनरीक्षण के परिप्रेक्ष्य में पुनरीक्षण पूर्व गतिविधियों के अंतर्गत 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदेय स्थलों के सम्भाजन पश्चात मतदेय स्थलों की संख्या में सम्भावित वृद्धि संबंधी सूचना समस्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया। साथ ही 31 जुलाई को राजनैतिक दलों के साथ हुई बैठक के दौरान राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से वर्तमान में गतिमान निरन्तर पुनरीक्षण-2025 एवं निर्वाचक नामावलियों के सम्भावित आगामी गहन पुनरीक्षण के दृष्टिगत विधान सभावार/बूथवार बीएलओ नियुक्त कर सूची जिला निर्वाचन कार्यालय एवं संबंधित उप जिलाधिकारी एवं अपर उप जिलाधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को उपलब्ध कराने की अपेक्षा की गई थी जो राजनैतिक दलों द्वारा नियुक्त किए गये बीएलओ की प्राप्त सूची के संबंध में समीक्षा की गयी। समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव श्री बीरबल राम ने अवगत कराया कि विधान सभावार/बूथवार बी0एल0ओ0 नियुक्त कर सूची उपलब्ध करा दी गयी है। साथ ही अन्य राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी विधान सभावार/बूथवार बीएलओ नियुक्त कर सूची जिला निर्वाचन कार्यालय एवं संबंधित उप जिलाधिकारी एवं अपर उप जिलाधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को उपलब्ध कराने को कहा गया। इस संबंध में अवगत कराया गया कि बीएलओ नियुक्त कर दिये जाने से बीएलओ के काम में पारदर्शिता आयेगी एवं निर्वाचक नामावली को शुद्ध बनाने में सहयोग मिलेगा। वर्तमान समय में पंचायत निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन कराया जा चुका है, जिसमें अर्हता तिथि 01.01.2025 के आधार पर अर्ह निर्वाचकों के नाम जोड़े जाने, अनर्ह/मृतक/डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम विलोपित किये जाने हेतु बी0एल0ओ0 घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य कर रहे हैं। पंचायत निर्वाचक नामावली को शुद्ध एवं पारदर्शी बनाये जाने संबंधी कार्य में राजनैतिक दलों का सहयोग अपेक्षित है। बैठक में अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार गुप्ता, सीआरओ त्रिभुवन सिंह एवं सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अख्तर हसन, मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
