ऊंट-घोड़ा के साथ शोभायात्रा निकली और जयकारों से गुंजायमान हुआ क्षेत्र : दुबहड़ में काशी दास बाबा का पूजनोत्सव सम्पन्न, हजारों यदुवंशियों का उमड़ा जनसैलाब, गाजे-बाजे का भी रहा धूम
संवाददाता जितेंद्र यादव (जीतू )
बलिया । दुबहड़ गांव में यदुवंशियों के आराध्य देव श्रीकाशी दास बाबा का वार्षिक पूजनोत्सव मंगलवार को बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। क्षेत्र के दर्जनों गांवों से हजारों श्रद्धालु गाजे-बाजे, ऊंट-घोड़ों के साथ भगवान श्रीकृष्ण एवं काशी दास बाबा के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बनाते हुए पूजा में शामिल हुए। पूजन कार्यक्रम के दौरान गाज़ीपुर जनपद के पियरिया गांव से आए पंथी सुरेंद्र दास ने अपने पारंपरिक चमत्कारिक प्रदर्शन से लोगों को अचंभित कर दिया। उन्होंने उपलों में आग उत्पन्न कर श्रद्धालुओं को आश्चर्यचकित कर दिया। इसके बाद उन्होंने स्वयं तथा बाल भक्तों को उबलते दूध से नहलाकर वहां उपस्थित लोगों को हैरत में डाल दिया। पूजा प्रांगण में भगवान श्रीकृष्ण, राधा रानी एवं मां आदिशक्ति भगवती दुर्गा के जय-जयकार से पूरा क्षेत्र दिनभर गुंजायमान रहा। युवाओं ने पूजा स्थल पर अद्भुत करतब दिखाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजित विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके उपरांत आयोजित बिरहा कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायिका मीरा मूर्ति और बिरहा सम्राट धर्मेंद्र सोलंकी ने एक से बढ़कर एक लोकगीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया। भक्तिमय गीत-संगीत से पूरा वातावरण आनंदित हो उठा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में बाबू नंद यादव, विद्यासागर यादव, मुकेश यादव, संतोष यादव, गिरजाशंकर यादव, विशाल यादव, संतोष यादव बागी, पिंटू सिंह, अशोक सिंह, लकी सिंह, सपा नेता रामजी गुप्ता, कल्याण सिंह, राधेश्याम यादव, विशाल यादव, भोला यादव, मोहन यादव, ओमप्रकाश पांडेय (कोटेदार), किट्टू पांडे समेत क्षेत्र के हजारों लोग उपस्थित रहे। पूरे दिन आस्था, परंपरा और उत्साह का अनोखा संगम देखने को मिला।
विज्ञापन
