बलिया में बाढ़ पीड़ितों को मिला राहत सामग्री : प्रभारी मंत्री ने दी 30 परिवारों को राहत सामग्री, स्वास्थ्य शिविर का किया निरीक्षण
Ajay Mishra
Tue, Sep 9, 2025
संवाददाता:- जितेन्द्र यादव 'जीतू'
बलिया । बलिया के प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने मंगलवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने जिलाधिकारी मंगला प्रसाद के साथ विकासखंड दुबहड और बेलहरी के दो गांवों का दौरा किया। ग्राम प्रानपुर और जबही में आयोजित कैंप में 30 बाढ़ पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री वितरित किया। इसमें खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी वस्तुएं शामिल थीं। प्रभारी मंत्री ने बाढ़ पीड़ितों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं। स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण करते हुए मंत्री ने अधिकारियों को कई निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दवाओं की बोतल और टेबलेट पर नाम स्पष्ट लिखा जाए। साथ ही पशुओं के लिए टीकाकरण और चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। प्रभारी मंत्री ने ग्राम प्रानपुर के पास स्थित आरसीसी सड़क को ऊंचा और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। तहसीलदार को मेन रोड से ग्राम प्रानपुर तक सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने को कहा। उन्होंने राशन कार्ड व्यवस्था की भी समीक्षा की। गरीब परिवारों को अंत्योदय कार्ड जारी करने और अमीर व्यक्तियों के राशन कार्ड निरस्त करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, एडीएम अनिल कुमार गुप्ता, सीएमओ डॉ संजीव वर्मन,भाजपा नेता नकुल चौबे, बेलहरी ब्लाक प्रमुख शशांक शेखर तिवारी,वरिष्ठ भाजपा नेता मृत्युंजय तिवारी, बब्लू जी एवं दुबहड़ मंडल अध्यक्ष रिंकू दुबे,प्रधान डब्लू ओझा जी मौजूद रहे।
विज्ञापन
