विधानसभा निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन 11 जनवरी को : मतदान केन्द्रों पर निर्वाचक नामावली का प्रकाशन होगा रविवार 11 जनवरी को,पढ़कर सुनाई जायेगी सूची
Ajay Mishra
Fri, Jan 9, 2026
बलिया। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण–2026 का कार्य जनपद में किया जा रहा है। इसके अंतर्गत जनपद की सभी 07 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 06 जनवरी, 2026 को कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि जनपद में स्थित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 357-बेल्थरा रोड (अजा.), 358-रसड़ा, 359-सिकन्दरपुर, 360-फेफना, 361- बलिया नगर, 362-बांसडीह तथा 363- बैरिया की निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संपन्न किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार समस्त बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) 11 जनवरी, 2026 को अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहेंगे और आलेख्य प्रकाशित निर्वाचक नामावली को पढ़कर सुनाएंगे। उन्होंने जनपद के समस्त जनमानस एवं मतदाताओं से अपील की है कि वे 11 जनवरी, 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 05 बजे के मध्य अपने- अपने बूथों पर उपस्थित होकर निर्वाचक नामावली में अपने तथा अपने परिवार के पंजीकृत सदस्यों के नामों की जांच अवश्य करें, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि होने पर समय रहते उसका समाधान किया जा सके।
विज्ञापन
