30 साल पुराना तार,आए दिन तार की खराबी से बिजली गुल : ग्रामीणों ने पत्रक देकर 7 दिन का दिया अल्टीमेटम
Ajay Mishra
Tue, Jul 22, 2025
संवाददाता/ जितेन्द्र यादव (जीतू)
रेपुरा(बलिया)। विकास खंड बेलहरी के ग्राम पंचायत रेपुरा में बिजली की समस्या से ग्रामीण परेशान हैं। गांव में लगभग 30 वर्ष पुराने बिजली के तार जर्जर हो चुके हैं। आए दिन तार टूटने से बिजली आपूर्ति बाधित होती है। गर्मी के मौसम में बिजली की कटौती से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर छोटे बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और बीमार व्यक्तियों को गर्मी और मच्छरों से राहत नहीं मिल पा रही है। अजीत सिंह रोशन के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मंगलवार को एसडीओ को पत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि गांव में 250 केवीए का ट्रांसफॉर्मर लगा है। इसके एलटी तार बेहद पुराने और खराब हो चुके हैं। तार टूटने पर निजी बिजली कर्मियों से मरम्मत कराना पड़ता है। ग्रामीणों ने एसडीओ को 7 दिन का समय दिया है। इस दौरान जर्जर तारों को नहीं बदला गया तो बिजली विभाग के खिलाफ धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी ग ई है। इस मामले में जिलाधिकारी बलिया का भी ध्यान आकर्षित किया गया है। पत्र देने वालों में छोटे सिंह, विशाल चौधरी, सौरभ चौधरी, हरेंद्र चौधरी सहित कई अन्य ग्रामवासी मौजूद रहे।
विज्ञापन
