सिकन्दरपुर क्षेत्र को मिलेगा विकास का तोहफा : सिकन्दरपुर की जनता में नया उत्साह,पूर्व मंत्री राजधारी के प्रयास से मिलेगा क ई परियोजनाओं को रफ्तार
Ajay Mishra
Sun, May 18, 2025
सिकंदरपुर (बलिया)। 18 मई। (डी एन एन)। उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं बलिया जनपद के वरिष्ठ नेता राजधारी सिंह की पहल से सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों में नए उत्साह का संचार हुआ है। जनता को उम्मीद है कि अब विकास की योजनाएं ज़मीनी स्तर पर शीघ्र क्रियान्वित होंगी।
उल्लेखनीय है कि, हाल ही में श्री सिंह ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह से शिष्टाचार भेंट किया। इस मुलाकात में उन्होंने सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र की कई प्रमुख समस्याओं और विकास परियोजनाओं पर गंभीर चर्चा किया।
खरीद–दरौली पुल निर्माण में तेजी की मांग
राजधारी सिंह ने मुख्यमंत्री के समक्ष सबसे पहले घाघरा नदी पर बन रहे खरीद–दरौली पक्के पुल के निर्माण कार्य में आ रही वित्तीय बाधाओं और सेतु निगम की लापरवाही का मुद्दा उठाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पुल क्षेत्र की जीवनरेखा है और इसकी देरी आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है।
ऊर्जा, सड़क और शिक्षा क्षेत्र में उठी पुरानी मांगें
पूर्व मंत्री ने बालूपुर विद्युत उपकेंद्र, सिकंदरपुर-मालीपुर नहर मार्ग के चौड़ीकरण, और जिगिड़सर राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज को लेकर भी ठोस कदम उठाने की माँग की। उन्होंने कहा कि कॉलेज में छात्रों का नामांकन तो हो गया है लेकिन पढ़ाई आज भी मऊ में चल रही है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
स्पोर्ट्स कॉलेज के लिए वित्तीय सहयोग की अपील
पुर में बन रहे स्पोर्ट्स कॉलेज के निर्माण में आ रही आर्थिक रुकावटों की जानकारी भी मुख्यमंत्री को दी गई। उन्होंने आग्रह किया कि बलिया जैसे सीमावर्ती जिले को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना अब आवश्यक हो गया है।
कठमुक्तेश्वर धाम को मिलेगा पर्यटन स्थल का दर्जा
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह से मुलाकात में राजधारी सिंह ने कटघरा स्थित प्राचीन कठमुक्तेश्वर धाम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की वर्षों पुरानी माँग दोहराई। मंत्री जी ने इसे संज्ञान में लेते हुए पर्यटन विभाग से मंजूरी दिलाने का आश्वासन दिया, जो अब स्वीकृत हो चुकी है।
राजधारी सिंह ने मंत्री का आभार प्रकट करते हुए कहा कि, कटमुक्तेश्वर धाम हमारी आस्था और संस्कृति का प्रतीक है। इसका विकास पूरे जिले के लिए गर्व की बात होगी।
विज्ञापन
