: जनपद में सकुशल सम्पन्न हुई,बी०एड०प्रवेश परीक्षा
Sun, Jun 9, 2024
बलिया। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2024 की गंभीरता को समझते हुए जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर गाइडलाइंस के अनुसार परीक्षा संचालन का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट,स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक से परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए।जिलाधिकारी प्रथम पाली की परीक्षा में टीडी कालेज पहुंचकर वहां के स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक से परीक्षा के संबंध में दिए गए निर्देशों का शत प्रतिशत कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करते हुए परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में लगे सीसीटीवी कैमरों को संचालित मोड में होने और प्रश्न पत्र बांटने के पैटर्न आदि की भी जानकारी ली। फिर राजकीय बालिका इंटर कालेज का निरीक्षण कर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक को परीक्षा की शूचिता बनाए रखने का निर्देश दिया। दूसरी पाली में उन्होंने सुखपुरा इंटर कालेज और राजकीय इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया।उल्लेखनीय है कि जिलाधिकारी के द्वारा परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। यह परीक्षा जनपद में दो पालियों में सकुशल संपन्न हो गई।प्रथम पाली का समय सुबह 9:00 से 12:00 तक तथा द्वितीय पाली 2 से 5 बजे तक का था।इसके लिए जनपद में 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे और इस परीक्षा के लिए 9664 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।
: 31 जुलाई तक बलिया में धारा 144 लागू
Sat, Jun 8, 2024
बलिया। जिला मजिस्ट्रेट रवींद्र कुमार ने बताया है कि जनपद बलिया में प्राविधिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा परिषद से सम्बद्ध डिप्लोमा स्तरीय तकनीकी परीक्षा, बी०एड० पाठ्यक्रम शैक्षिक सत्र 2024-26 में प्रवेश हेतु उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा बी०एड०, 2024 एवं बकरीद तथा मोहर्रम के त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए शान्ति भंग की आशंका है। नागरिक सुरक्षा, सार्वजनिक शान्ति व्यवस्था तथा जनजीवन को सामान्य बनाये रखने, मानव जीवन को स्वस्थ रखने एवं खतरों से निवारण करने, बलवा अथवा किसी अन्य दंगों के निवारण के लिए निरोधात्मक उपाय किये जाने की आवश्यकता है। चूंकि इतना समय नहीं है, कि उन पर नोटिस का तामीला किया जा सकें। अतः यह आदेश एक पक्षीय पारित किया जा रहा है।
अतः मैं रवीन्द्र कुमार, जिला मजिस्ट्रेट, बलिया जनपद बलिया की शान्ति भंग की सम्भावना से पूर्णतः सन्तुष्ट होते हुए दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा-144 के अन्तर्गत दिनांक 08 जून 2024 से दिनांक 31जुलाई 2024 तक की अवधि के लिए निम्न आदेश पारित करता हूँ।
1- जनपद बलिया सीमा के अन्तर्गत किसी भी सार्वजनिक स्थानों पर पांच या पांच से अधिक व्यक्ति एक समूह के रूप में एक साथ एकत्रित नहीं होगे और न ही कोई जुलूस निकालेगें और न ही कोई धरना प्रदर्शन करेगा और न ही कोई ऐसी अफवाह फैलायेगें जिससे शान्ति व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़े। विशेष परिस्थितियों में जुलूस आदि के लिए सक्षम अधिकारी से पूर्व अनुमति प्राप्त किया जाना अनिवार्य होगा। यह प्रतिबन्ध परम्परागत, सामाजिक या धार्मिक संस्कारों एवं रीति-रिवाज तथा जुमे की नमाज पर लागू नहीं होगा।
2 - कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार का अस्त्र-शस्त्र जैसे लाठी, डण्डा, चाकू, भाला, फरसा, बन्दूक, राइफल, रिवाल्वर, पिस्टल आदि आग्नेयास्त्र या अन्य धारदार हथियार एवं किसी प्रकार के विस्फोटक पदार्थ को लेकर नहीं चलेगा और न ही ऐसा करने के लिये किसी को प्रेरित करेगा। यह प्रतिबन्ध सिक्खों द्वारा परम्परागत रूप से धारण होने वाले कृपाण तथा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों/कर्मचारियों पर लागू नहीं होगा। बूढे, बीमार, विकलांग, अपंग तथा अन्य व्यक्ति सहारे के लिए लाठी, डण्डे अथवा छड़ी का प्रयोग कर सकते है।
3- कोई भी व्यक्ति किसी सार्वजनिक स्थान, मन्दिर, मस्जिद, गुरूद्वारा, चर्च, सड़क मकान के अन्दर अथवा छत पर ईट, पत्थर, शीशा, बोतल व कॉच के टुकड़े तथा विस्फोटक आदि एकत्र नहीं करेगें और न ऐसा करने के लिए किसी अन्य को प्रेरित करेगा।
4- कोई भी व्यक्ति साम्प्रदायिकता भड़काने वाले पोस्टर, बैनर, कटआउट आदि न तो लगायेगा और न ही किसी अन्य को ऐसा करने के लिए प्रेरित करेगा ।
5- कोई भी व्यक्ति ऐसी अफवाह अथवा ऐसा नारा नहीं लगायेगा और न ही ऐसा पर्चा
छापेगा और न बटवायेगा जिससे किसी वर्ग विशेष की भावना को ठेस पहुंचे और न ऐसा करने के लिए किसी अन्य को प्रेरित करेगा।
6- कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार के सार्वजनिक संचार साधन तथा मार्ग पर अवरोध उत्पन्न नहीं करेगा और न ही ऐसा करने के लिए किसी अन्य को प्रेरित करेगा।
7- कोई भी व्यक्ति सड़क, जल मार्ग, रेलमार्ग, कार्यालय, पेट्रोल पम्प आदि का घेराव नहीं
करेगा, न ही यातायात के आवागमन में अथवा किसी प्रकार के सार्वजनिक संचार आदि व्यवस्था में अवरोध उत्पन्न करेगा। ऐसा करने के लिए कोई भी व्यक्ति किसी को न तो उकसाएगा और न ही प्रोत्साहित करेगा।
8- कोई भी व्यक्ति मार्केट, दुकान प्रतिष्ठान, कार्यालय, पेट्रोल पम्प आदि को न बन्द
कराएगा न ही किसी सरकारी सम्पत्ति की क्षति, तोड़ फोड़ आदि करेगा न ही किसी 24 प्रकार का पुतला जलायेगा। ऐसा करने के लिए कोई भी व्यक्ति किसी को न तो उकसाएगा और न ही प्रोत्साहित करेगा।
9- कोई भी व्यक्ति ऐसा भाषण या नारा नहीं लगाएगा, न ही इस प्रकार का प्रचार प्रसार
करेगा जिससे कि जनभावनाओं को ठेस पहुंचे, लोक शांति व्यवस्था प्रतिकूल रूप से
प्रभावित होने की संभावना के दृष्टिगत, न ही कोई व्यक्ति किसी को इस हेतु उकसाएगा अथवा प्रोत्साहित करेगा।
10- कोई भी व्यक्ति नई परम्परा अथवा गैर परम्परागत कार्य / कार्यकम नहीं करेगा। न ही कोई व्यक्ति किसी व्यक्ति को इस हेतु उकसाएगा अथवा प्रोत्साहित करेगा।
11- कोई भी व्यक्ति किसी प्रकार के आग्नेयास्त्र को किसी प्रकार के आयोजित होने वाले समारोह में उपयोग नहीं करेगा।।
12- कोई भी व्यक्ति ध्वनि विस्तारक यन्त्रों द्वारा ऐसा प्रचार नहीं करेगा और न ही ऐसा भाषण देगा और न ही ऐसा कैसेट बजायेगा, जिससे किसी वर्ग विशेष या व्यक्ति की भावनाओं को ठेस पहुचे और न ऐसा करने के लिए किसी अन्य को प्रेरित करेंगा।
13- प्राविधिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश लखनऊ द्वारा परिषद से सम्बद्ध तकनीकी शिक्षण संस्थाओं में प्रवेश परीक्षा / बी०एड० पाठ्यक्रम शैक्षिक सत्र 2024-26 में प्रवेश हेतु उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा बी०एड०, 2024 के दौरान परीक्षा केन्द्रों के आस-पास ध्यनि विस्तारक यन्त्रों का प्रयोग तथा परीक्षा परिसर में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ अन्य संचार
सम्बन्धी उपकरण एवं आईटी गजेट्स ले जाना पूर्णतया प्रतिबन्धित रहेगा।
14- परीक्षा केन्द्रों से न्यूनतम 500 की परिधि में फोटो कॉपियर एवं स्कैनर का संचालन परीक्षा अवधि में पूर्णतया प्रतिबन्धित रहेगा।
15- परीक्षा केन्द्र पर तैनात सुरक्षा कर्मियों के अतिरिक्त कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार का शस्त्र आदि लेकर परीक्षा स्थल पर नहीं जायेगा।
उक्त आदेश का उल्लंघन भारतीय दण्ड विधान की धारा 188 के अन्तर्गत दण्डनीय अपराध होगा।
इस आदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार सम्बंधित थाना क्षेत्रों में डुग्गी पिटवाकर तथा लाउडस्पीकर से कराया जाय। आदेश की प्रति कार्यालय नोटिस बोर्ड पर चस्पा कराकर समाचार पत्रों में प्रकाशित कराकर व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाय। यह आदेश आज दिनांक 08.06.2024 को जिलाधिकारी के हस्ताक्षर एवं कार्यालय की मुहर लगाकर जारी किया गया।.
: उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2024 के आयोजन को लेकर जिलाधिकारी ने की बड़ी बैठक
Fri, Jun 7, 2024
बलियाः बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2024 को सुचारू और सकुशल ढंग से संपन्न कराने को लेकर जिलाधिकारी रवीन्द्र कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय प्रतिनिधि, नगर प्रभारी, नोडल अधिकारी, उप नोडल अधिकारी, नोडल समन्वयक, उप नोडल समन्वयक, केंद्र प्रतिनिधि (सेक्टर मजिस्ट्रेट), पर्यवेक्षक, केंद्राध्यक्ष, मुख्य कक्ष निरीक्षक एवं कक्ष निरीक्षक के साथ बैठक की। उन्होंने सभी को निर्देश दिया कि परीक्षा की जो नियम-शर्तें हैं, उनके अनुरूप ही परीक्षा सम्पन्न कराएंगे। सचेत किया कि किसी भी स्तर पर छोटी से छोटी गलती भी अक्षम्य होगी। उन्होंने सभी से अनुरोध किया कि परीक्षा से संबंधित सभी कार्यों के बारे में विश्वविद्यालय द्वारा दी गई बुकलेट में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं सभी लोग इसे अवश्य पढ़ लें। किसी भी दशा में कोई भी छोटी गलती स्वीकार नहीं होगी।किसी भी प्रकार की गड़बड़ी संज्ञान में आई तो व्यक्तिगत रूप से जवाबदेही तय करते हुए जिम्मेदार पर बड़ी कार्रवाई होगी। प्रवेश परीक्षा 9 जून को दो पालियों में संपन्न होगी। प्रथम पाली सुबह 9 से 12 तक तथा द्वितीय पाली 2 से 5 बजे तक का होगा।इसके लिए जनपद में 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं और इस परीक्षा के लिए 9664 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा कराना अति संवेदनशील व महत्वपूर्ण कार्य है। इसलिए उन्होंने सभी केन्द्राध्यक्षों को निर्देश दिया कि पहले से ही यह देख लें कि किसी भी केंद्र पर कोई कमी न रह जाए। उन्होंने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट को 8 जून को स्टेटिक मजिस्ट्रेट,केंद्राध्यक्ष, पर्यवेक्षक आदि के साथ बैठक कर प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पीने के पानी, शौचालय, निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए जनरेटर की उपलब्धता सहित अन्य व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।साथ ही कमरों में दोनों तरफ से सीसीटीवी कैमरा, डिस्प्ले बोर्ड, रिकार्डिंग व वेबकाॅस्टिंग की व्यवस्था पूरी तरह सही हो,इसे भी एनश्योर कराने हेतु निर्देशित किया।। परीक्षार्थियों की सीटिंग व्यवस्था भी देख लेंगे। उन्होंने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट को इन व्यवस्थाओं से संबंधित आख्या रिपोर्ट कंट्रोल रूम में देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दिए गए समयानुसार परीक्षा संबंधी सभी गतिविधियां सम्पन्न होगी। इसके अलावा स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी इन निर्देशों का अनुपालन अपने स्तर से भी सुनिश्चित कराएंगे। उन्होंने परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम की स्थापना करने का निर्देश सीआरओ को दिया। यह कंट्रोल रूम 8 जून से संचालित होकर 9 जून को परीक्षा समाप्ति तक सक्रिय रहेगा। बैठक में विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों ने परीक्षा से सम्बधित पूरी प्रक्रिया व ध्यान देने योग्य महत्वपूर्ण तथ्यों से सभी को अवगत कराया। बैठक में सीआरओ त्रिभुवन, सिटी मजिस्ट्रेट इंद्रकांत द्विवेदी, जिविनि रमेश सिंह, बीएसए मनीष सिंह,वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद दूबे सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी आदि मौजूद थे।