: विकसित भारत युवा संसद में प्रतिभाग करें युवा
Mon, Mar 3, 2025
बलिया । प्रधानमंत्री जी की युवाओं के लिए अति महत्वाकांक्षी योजनाओं में एक विकसित भारत युवा संसद का आयोजन माय भारत नेहरू युवा केंद्र एवं जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया के संयुक्त तत्वावधान में *One Nation One Election* विषय पर बलिया जनपद में होना सुनिश्चित हुआ है। जिसका आवेदन माय भारत पोर्टल पर 28 फरवरी से प्रारंभ हो गया है। उक्त युवा संसद में जनपद बलिया, देवरिया तथा मऊ के 18 वर्ष से 25 वर्ष तक के युवा भाग ले सकते हैं। आवेदन के क्रम में प्रतिभागियों को 'विकसित भारत की अवधारणा' विषय पर 1 मिनट का वीडियो अपलोड करना होगा। स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा प्राप्त आवेदनों में से 150 प्रतिभागियों का चयन कर उन्हें जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया के सभागार में युवा संसद में प्रतिभाग़ करना होगा।
उक्त आशय की जानकारी देते हुए उपनिदेशक कपिल देव राम ने बताया कि जनपद बलिया, मऊ एवं देवरिया को मिलाकर जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया को नोडल केंद्र शासन द्वारा बनाया गया है।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक डॉ कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि जिला स्तरीय युवा संसद से 10 युवाओं को निर्णायक मंडल के निर्णय के आधार पर चुना जाएगा, जो विधानसभा में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय युवा संसद में भाग लेंगे। उन्होंने तीनों जनपदों के युवाओं से इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने की अपील की।
उक्त प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागी अधिक जानकारी के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ० कृष्ण कुमार सिंह या नेहरू युवा केंद्र, बलिया के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
: आमने-सामने बाइक की टक्कर,चार गम्भीर
Mon, Mar 3, 2025
रसड़ा (बलिया)। (डी एन एन)। 3 मार्च। रसड़ा-प्रधानपुर मार्ग के डेहरी गांव के समीप सोमवार की सुबह दो बाइकों के आमने-सामने की टक्कर में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी घायलों को रसड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां से दो को जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया। बाइक सवार बब्बन राजभर 56 तथा धर्मेंद्र राजभर 21 निवासी उतरांव जनपद गाजीपुर तथा दूसरे बाइक पर सवार हमजा 15, रजनीश 32 निवासी नई मस्जिद रसड़ा की बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। गंभीर रूप से घायल बब्बन राजभर व हमजा को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
: रसड़ा में गरीब नवाज एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव हेतु सांसद नीरज को दिया गया पत्रक
Mon, Mar 3, 2025
रसड़ा (बलिया)। (डी एन एन) 3 मार्च। छपरा इंदारा रेल खंड अन्तर्गत रसड़ा रेलवे स्टेशन पर गरीब नवाज एक्सप्रेस सहित लम्बी दूरी की अन्य ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर सोमवार को सामाजिक कार्यकर्ता विश्वजीत जायसवाल के नेतृत्व में राज्य सभा सांसद नीरज शेखर से झोपड़ी में मुलाकात कर उन्हें पत्रक सौंपा। पत्रक में कहा गया है कि पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के अधीन जनपद बलिया के अति प्राचीन व बड़ी आबादी वाली रसड़ा तहसील में रसड़ा रेलवे स्टेशन स्थापित है। दोहरीकरण के विस्तार के पश्चात रेलवे लाइन की समस्या दूर हो चुकी है, किंतु स्टेशन पर काफी समस्याएं हैं। लम्बी दूरी की ट्रेनों का ठहराव न होने के कारण यहां के निवासियों को लंबी दूरी की ट्रेनों से सफर करने हेतु वाराणसी आदि जगहों पर जाना पड़ता है। पत्रक में गरीब नवाज एक्सप्रेस सहित लंबी दूरी की अन्य ट्रेनों का ठहराव जनहित में रसड़ा रेलवे स्टेशन पर ठहराव कराए जाने की मांग की गई है।
इस पत्रक दिए जाने के मौके पर दिलीप मद्धेशिया, विशाल कुमार, नीरज गुप्ता, अभिषेक गुप्ता, आदर्श कलवार, राहुल गुप्ता, राजन, प्रिंस जायसवाल आदि मौजूद रहे।