: सी विजन एप के जरिए आप करें अपनी शिकायत
Wed, Mar 27, 2024
बलिया । जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी रवींद्र कुमार ने अवगत कराया है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा वर्तमान में चल रहे लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 में किसी राजनितिक दल के प्रत्याशी द्वारा आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन करने एवं अन्य विभिन्न प्रकार की शिकायत दर्ज कराने तथा उसके निस्तारण हेतु आनलाइन सी-विजिल (C-vigil) एप विकसित किया गया है। उक्त एप पर चुनाव की घोषणा के दिनांक से मतदान दिवस तक शिकायतकर्ता द्वारा शिकायत अपलोड की जा सकती है।सी-विजिल एप का प्रयोग करने हेतु स्मार्टफोन पर गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर अपना मोबाइल नम्बर डालकर ओटीपी के माध्यम से एप में लागिन कर शिकायत दर्ज की जा सकती है। सी-विजिल एप एक जी.आइ.एस. आधारित एप है जिसमें साक्ष्य के तौर पर केवल लाइव फोटो, वीडियो, आडियो ही अपलोड किया जा सकता है। शिकायत अपलोड होने के उपरान्त 100 मिनट के अन्तर्गत ही शिकायत का निस्तारण सम्बन्धित अधिकारी द्वारा उसी एप के माध्यम से सुनिश्चित किया जाना है। निस्तारण के पश्चात् विवरण शिकायतकर्ता के सी-विजिल एप पर स्वतः उपलब्ध हो जायेगा।जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया है कि इस ऐप के माध्यम से शिकायत करने के लिए नाम व मोबाइल नंबर देने की आवश्यकता नहीं है।लेकिन अगर शिकायतकर्ता अपना नाम व मोबाइल नंबर देता है तो वह अपनी शिकायत की निगरानी भी कर सकता है शिकायत दर्ज होने पर संबंधित रिटर्निग अधिकारी अपने नजदीक के उड़न दस्ता टीम (एफएसटी) को मौके पर भेजता है। उसके बाद जांच पड़ताल कर अधिकारी पोर्टल पर प्राप्त शिकायत का निस्तारण कराना सुनिश्चित करेंगे।उन्होंने बताया है कि सी-विजिल एप के जरिए पैसा, गिफ्ट कूपन और शराब बांटने जैसी शिकायते दर्ज की जाती है। साथ ही बिना अनुमति के पोस्टर, बैनर लगाने या बैठक करने, बिना अनुमति के प्रचार में गाड़ी लगाने एवं धार्मिक और उन्मादी भाषण संबंधी परिवाद दर्ज की जाती हैं।उन्होंने समस्त जनपदवासियों से अपील किया है कि लोकसभा सामान्य निर्वाचन के सम्बन्ध में आनलाइन शिकायत हेतु आयोग द्वारा विकसित सी-विजिल एप का प्रयोग करें।
: विद्युत सम्बन्धी समस्याओं के लिए फोरम तैयार
Wed, Mar 27, 2024
बलिया: यूपीईआरसी (उपभोक्ता व्यथा निवारण फोरम) विनियमावली, 2022 के तहत विद्युत उपभोक्ताओ के व्यथा निवारण के लिए पूर्वाचल विद्युत वितरण निगम लि० वाराणसी के अधीनस्थ मण्डल स्तर पर फोरम का गठन किया गया है। इस फोरम की ई-मेल आईडी seballia2016@gmail.com व मोबाइल नंबर 8004932174 है। अधीक्षण अभियन्ता विद्युत वितरण मण्डल बलिया के कार्यालय में विद्युत उपभोक्ताओं के व्यथा निवारण हेतु यह फोरम क्रियाशील है, जहां किसी प्रकार की विद्युत समस्या के समाधान के लिए सम्पर्क कर सकते है।
: जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी ने की नोडल अधिकारियों के साथ बैठक
Tue, Mar 26, 2024
बलिया।भारत निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप आगामी लोक सभा सामान्य निर्वाचन-2024 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी रवींद्र कुमार ने समस्त नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर समस्त तैयारियों को ससमय पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने समस्त नोडल अधिकारियों से कहा सभी नोडल अधिकारी भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी की गई गाइडलाइन के अनुरूप ही अपने से संबंधित प्रकोष्ठ के कार्यों की कार्य योजना निर्धारित समय के अनुसार तैयार करते हुए उसे अंतिम रूप प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की उदासीनता/शिथिलता को बहुत ही गंभीरता से लिया जाएगा। सभी नोडल अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे, ताकि जनपद में आगामी लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 को स्वतंत्र निष्पक्ष शांतिपूर्ण एवं सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि समस्त नोडल अधिकारी चुनाव के दौरान प्राप्त होने वाले निर्देशों का शत शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मैनपावर मैनेजमेंट, ट्रांसपोर्ट , मतदान एवं मतगणना कार्मिकों के प्रशिक्षण, एम.सी.एम.सी., निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण, स्वीप, कंट्रोल रूम, ईवीएम मैनेजमेंट, मॉडल बूथ, मीडिया एवं सोशल मीडिया, मतदेय स्थलों पर विवरण का अंकन/मतदेय स्थलों पर पोलिंग पार्टी की व्यवस्था आदि का प्रबंधन सहित अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में नोडल अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी सभी तैयारियां भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुरूप समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिये।इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, एडीएम डीपी सिंह, सीआरओ त्रिभुवन, सिटी मजिस्ट्रेट इंद्रकांत द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।