: 85 वर्ष से उपर के मतदाता अपने घर से डाल सकते हैं अपना मत
Mon, Mar 11, 2024
बलिया। जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने बताया है कि भारत निर्वाचन आयोग के नवीनतम दिशा निर्देशानुसार प्रदेश के समस्त पचासी (85) वर्ष की आयु वर्ग से ऊपर के मतदाताओं को मतदान करने के लिए पोस्ट बैलेट की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी 85 वर्ष की आयु वर्ग से ऊपर के मतदाताओं को सूचित किया जाता है कि वह स्वेच्छा से पोस्ट बैलट के माध्यम से निवास स्थान पर मतदान करने हेतु निर्धारित फार्म- 12डी में आवेदन कर अपने निवास स्थान पर मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं।उपरोक्त फार्म-12डी अधिसूचना जारी होने के पांच दिवसों के अंदर संबंधित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर 85 वर्ष आयु वर्ग से ऊपर के मतदाताओं को उपलब्ध कराया जाएगा तथा भरा हुआ फॉर्म- 12डी प्राप्त किया जाएगा। उक्त फॉर्म 12डी भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट www.eci.gov.in के होमपेज पर मेनू के अंतर्गत candidate nomination and other forms के लिंक पर उपलब्ध है, जहां से इसे डाउनलोड करके और भरकर संबंधित निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग आफिसर के कार्यालय में जमा किया जाएगा।
: 62 दिव्यांग जनों को दिया गया तीपहिया साईकिल
Sun, Mar 10, 2024
बलिया: सीआरसी गोरखपुर और जिला प्रशासन बलिया के संयुक्त तत्वावधान में सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह के जन संपर्क कार्यालय नारायणी टाकीज पर किया गया। शिविर में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने 62 दिव्यांगजनों को ट्राई सायकिल व अन्य उपयोगी सहायक उपकरण वितरित किया। इसमें व्हील चेयर, ट्राई साइकिल, स्मार्ट केन, डेजी प्लेयर आदि का वितरण किया मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि दिव्यांगों की सेवा सबसे पुनीत कार्य है। ऐसे लोगों के लिए जो भी संभव प्रयास होगा वो किया जाएगा। जिले के दिव्यांगों का चिंह्नान कराकर उनको जो भी संभव होगा, सुविधा मुहैया कराई जाएगी।सीआरसी गोरखपुर के निदेशक जितेंद्र यादव ने कहा कि इस तरह का आयोजन आगे भी किया जाएगा। बतौर विशेषज्ञ राजेश कुमार यादव, मंजेश कुमार, नागेंद्र पांडेय, बिट्टू ने सीआरसी की तरफ से आयोजन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान नगर पालिका के चेयरमैन संत कुमार गुप्ता मिठाई लाल, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय यादव, पूर्व प्रमुख गुड्डू राय, हर्ष सिंह, शिवजी सिंह चंदेल आदि मौजूद रहे।
: कबड्डी और बालीबाल की प्रतियोगिता 13 व 14 मार्च को
Sun, Mar 10, 2024
बलिया। जिला क्रीड़ाधिकारी जवाहर लाला यादव ने बताया है कि जिला स्तरीय पुरूष वर्ग कबड्डी एवं वालीबाल की प्रतियोगिता का आयोजन 13 मार्च से खेल निदेशालय उ0प्र0, लखनऊ के तत्वावधान में जिला खेल कार्यालय द्वारा जिला स्तरीय पुरूष वर्ग की कबड्डी एवं वालीबाल की प्रतियोगिता का आयोजन वीर लोरिक स्पोर्टस स्टेडियम में किया जाना है। जिसमें कबड्डी की प्रतियोगिता 13 मार्च को एवं वालीबाल की प्रतियोगिता 14 मार्च को किया जायेगा। कबड्डी में खिलाड़ी का वजन 85 किग्रा0 से अधिक नहीं होना चाहिए। इस प्रतियोगिता में जनपद के खिलाडी प्रतिभाग करेंगे। उक्त प्रतियोगिता में विजेता एवं उप विजेजा टीम को पुरस्कृत किया जायेगा। अधिक जानकारी हेतु जिला खेल कार्यालय, बलिया में किसी भी कार्य दिवस में सम्पर्क किया जा सकता है।