सहरसपाली फीडर का भार स्थानांतरित,दुबहड़ में सुधरी बिजली आपूर्ति : उपभोक्ता संतुष्टि पर जोर,शिकायत निस्तारण के बाद फीडबैक के निर्देश,DM ने त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
Ajay Mishra
Tue, Jun 23, 2026
बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिजली आपूर्ति से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई तथा उनके समाधान की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने समीक्षा के दौरान दुबहड़ बिजलीघर से संबंधित समस्याओं पर विशेष रूप से चर्चा हुई। अधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि दुबहड़ उपकेंद्र से निर्गत 11 केवी पोषक सहरसपाली पर अत्यधिक भार की समस्या को दूसरे 11 केवी पोषक जनाड़ी पर स्थानांतरित कर दूर कर दिया गया है। इसके बाद दुबहड़ क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की समस्या समाप्त हो गई है और अब उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति मिल रही है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतों के समाधान के बाद संबंधित उपभोक्ताओं से फोन पर संपर्क कर उनका फीडबैक भी लिया जाए, ताकि कार्यों की गुणवत्ता और संतुष्टि का आकलन किया जा सके। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि क्षतिग्रस्त विद्युत परिवर्तकों (ट्रांसफार्मरों) को निर्धारित समय सीमा के भीतर बदलने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने विद्युत अधिकारियों से कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें और बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी रखें। साथ ही उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कंट्रोल रूम से प्राप्त शिकायतों को तत्काल निस्तारण किया जाए, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और विद्युत व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। बैठक में मुख्य अभियन्ता (वितरण) आजमगढ़ क्षेत्र, आजमगढ़ सहित जनपद बलिया के सभी अधिशासी अभियन्ता एवं उपखण्ड अधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
