: जिलाधिकारी ने प्रशासनिक आधार पर तीन तहसीलदारों का किया स्थानान्तरण
Wed, Mar 5, 2025
बलिया। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने जनपद में कार्यरत तहसीलदारों को प्रशासनिक आधार पर स्थानान्तरित करते हुए नवीन तैनाती के पद पर तत्काल कार्यभार ग्रहण के निर्देश दिए हैं। निम्न तहसीलदारों का स्थानांतरण किया गया है-* श्री मनोज कुमार राय को तहसीलदार सदर, बलिया के पद से तहसीलदार, बैरिया के पद पर स्थानांतरण किया गया है।* श्री सुदर्शन कुमार को तहसीलदार, बैरिया के पद से तहसीलदार,रसड़ा के पद पर स्थानांतरण किया गया है।*श्री निखिल शुक्ल को तहसीलदार,बांसडीह के पद से तहसीलदार सदर, बलिया के पद पर स्थानांतरण किया गया है।जिलाधिकारी ने दीपक कुमार सिंह, नायब तहसीलदार, बाँसडीह को अग्रिम आदेश तक अपने पदीय दायित्वों के साथ-साथ तहसीलदार,बाँसडीह के दायित्वों का भी निर्वहन सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं, इसके लिए उन्हे कोई अतिरिक्त वेतन अथवा भत्ता देय नहीं होगा। यह आदेश तात्कालिक प्रभाव से लागू होगा। उन्होंने सम्बन्धित तहसीलदार/नायब तहसीलदार को अपने नवीन तैनाती के पद पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के आदेश दिए हैं।
: बांसडीह प्रकरण का डी आई जी ने लिया संज्ञान,उप निरीक्षक और कांटेबल निलम्बित
Wed, Mar 5, 2025
बलिया। 5 मार्च। (डी एन एन)। बलिया जनपद के बांसडीह तहसील परिसर में कार के धक्के से घायल हुए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के बांसडीह विधानसभा प्रभारी उमापति राजभर के साथ बांसडीह कोतवाली परिसर में पुलिस कर्मियों द्वारा कथित तौर पर की गई बेरहमी से मारपीट की घटना को डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह ने बेहद गंभीरता से लेते हुए बांसडीह कोतवाली में तैनात एस आई रंजीत विश्वकर्मा एवं आरक्षी शैलेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
ज्ञातव्य है कि सुभासपा के विधानसभा प्रभारी उमापति राजभर मंगलवार के दिन किसी काम से बांसडीह तहसील परिसर में मौजूद थे। इस दौरान कथित तौर पर एसडीएम के पेशकार ने उन्हें अपनी कार से टक्कर मार दिया। जिससे वह घायल हो गए इस दौरान पेशकार ने कोतवाली फोन कर पुलिस बुला लिया। मौके पर पहुंचे एस आई रंजीत विश्वकर्मा एवं एक सिपाही ने उमापति राजभर के साथ दुर्व्यवहार करते हुए उन्हें कोतवाली परिसर ले आए जहां उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गयी। कार्रवाई न होने की स्थिति में सुभासपा ने 7 फरवरी को बांसडीह कोतवाली का घेराव करने का ऐलान किया था।
समाचार एजेंसी डीएनएन को मिली जानकारी के अनुसार बलिया के पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने घटना की जानकारी होते ही पुलिस कर्मियों पर आक्रोश व्यक्त किया। एसपी ने कहा कि पुलिस को यह कतई अधिकार नहीं है कि थाना परिसर में आए किसी व्यक्ति के साथ मारपीट करे। एसपी ने तत्काल बांसडीह के पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रभात कुमार को मामले की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
डीएनएन से बात करते हुए सुभासपा के प्रदेश प्रवक्ता सुनील कुमार सिंह ने बताया कि ‘एस आई रंजीत विश्वकर्मा के खिलाफ काफी दिनों से शिकायतें मिल रही थी। संगठन के विधानसभा प्रभारी उमापति राजभर के साथ की गई घटना अत्यंत निंदनीय है। उक्त एस आई के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अपेक्षित है। इस तरह के किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यकर्ताओं का सम्मान सर्वोपरि है।’
पीड़ित उमापति राजभर ने एस आई रंजीत विश्वकर्मा एवं बांसडीह एसडीएम के पेशकार दीपक के विरुद्ध बांसडीह कोतवाली में नामजद तहरीर देते हुए मुकदमा दर्ज कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।
: एक दिवसीय रोजगार मेला 7 मार्च को
Wed, Mar 5, 2025
बलिया। उ0प्र0 शासन की मंशा के अनुरूप राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान द्वारा 07 मार्च को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान- बलिया में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें SUZUKI MOTOR GUJARAT PVT LTD के द्वारा प्रतिभाग किया जायेगा। वेतनमान प्रतिमाह रूपये 24550.00 देय है। इच्छुक अभ्यर्थी जिनकी आयु 18 से 24 वर्ष हो अपने शैक्षिक योग्यता/तकनीकी प्रमाण-पत्र के साथ उक्त रोजगार मेला में प्रातः 10 बजे से प्रतिभाग कर सकते है।