: प्राथमिक विद्यालय गरयां में मनाया गया वार्षिकोत्सव
Tue, Feb 20, 2024
बलिया।प्राथमिक विद्यालय गरयाँ शिक्षा क्षेत्र बेलहरी पर शासन की मंशा के अनुरूप वार्षिकोत्सव आयोजित किया गया जिसमें बच्चों,अभिभावकों ने काफी उत्साह से भाग लिया वार्षिक उत्सव के दौरान बच्चों की दौड़, सांस्कृतिक कार्यक्रम, अभिवावक का सम्मान किया गया। जनप्रतिनिधियों द्वारा विद्यालय की सराहना की गई ।वार्षिक उत्सव में खंड शिक्षा अधिकारी श्री राजीव गंगवार ने विभाग द्वारा संचालित योजना जैसे डी बी टी ,निपुण भारत मिशन, कन्या सुमंगला योजना, ऑपरेशन कायाकल्प, आदि के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी देते हुए कहा कि प्राथमिक विद्यालय गरयां की व्यवस्था अच्छी है इस विद्यालय के अभिभावक एवं शिक्षक ऐसे ही प्रयास करते रहे तो निश्चित रूप से विद्यालय के बच्चे आगे जाकर अपने मंसूबो में कामयाब हो सकेंगे, ग्राम प्रधान श्री भूपेश सिंह जी ने आश्वस्त किया कि ग्राम पंचायत स्तर से किसी भी प्रकार की आवश्यकता होने पर हम उसे पूरा करने के लिए तैयार है।इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष श्री शशिकांत ओझा जी, मंत्री संतोष सिंह जी, रिमा देवी प्रिया सिंह ,सुरेश कुमार सिंह एवं अभिभावकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का अंत में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित डॉक्टर निर्मला गुप्त ने कहा कि इन बच्चों की वजह से ही हमारी पहचान विभाग एवं समाज में बनी हुई है यह बच्चे ही हमारी धरोहर हैं। हमारा प्रयास है कि हम और अच्छी व्यवस्था दे सकें। उन्होंने सबके प्रति आभार व्यक्त किया ।
: तहसील बैरिया में लगा जिलाधिकारी के नेतृत्व में तहसील दिवस
Tue, Feb 20, 2024
बलिया। सरकार के मंशानुरूप जन समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु जनपद के सभी तहसीलों में मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने तहसील बैरिया में सम्पूर्ण समाधान दिवस पर आए लोगों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस मौके पर राजस्व, पुलिस, खाद्य एवं रसद , चकबंदी, विकास , विद्युत , समाज कल्याण, कृषि,मार्केटिंग,लोक निर्माण,एवं शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के कुल 48 मामले आए, जिनमें से पांच का मौके पर निस्तारण किया गया। इसके अलावा सभी मामलों को संबंधित विभाग के अधिकारियों को हस्तांतरित करते हुए जिलाधिकारी ने समय सीमा के अंदर निस्तारित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने भूमि विवाद संबंधी मामलों को पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा स्थलीय निरीक्षण सत्यापन कर मामले को निस्तारित करने के निर्देश दिए।उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि जन समस्याओं के निस्तारण में हीलाहवाली अक्षम्य होगी। अधिकारी जन समस्याओं को गंभीरतापूर्वक लें अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें। कहा कि हर व्यक्ति की समस्या का पूरी प्रतिबद्धता एवं पारदर्शिता से न्यायोचित समाधान शासन-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में है। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस और राजस्व से जुड़ी समस्याओं पर जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारी प्राथमिक स्तर पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करें, ताकि लोगों को यहां-वहां भटकना न पड़े। उन्होंने कड़े तेवर में चेतावनी दी कि संवेदनहीन और लापरवाह अधिकारियों को कत्तई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।इस अवसर पर बीएसए मनीष सिंह,जिला पूर्ति अधिकारी रामजतन यादव, उप जिलाधिकारी सुनील कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
: जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय में शीघ्र शुरु होंगे व्यवसायिक पाठ्यक्रम
Tue, Feb 20, 2024
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता ने आज मीडिया रुबरु होकर बताया कि जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। यह सुखद है कि केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा विवि के विकास की ओर निरंतर ध्यान दिया जा रहा है। अभी प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा विकास योजना (पीएम- उषा) के अंतर्गत विवि को 13 करोड़ 39 लाख का अनुदान विवि में अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए प्राप्त हुआ है। इससे विवि परिवार में नयी ऊर्जा का आगमन हुआ है।
विवि का प्रशासनिक भवन बनकर तैयार है, अकादमिक भवन और केंद्रीय पुस्तकालय का निर्माण द्रुतगति से हो रहा है और इसी सत्र में इसके प्राप्त हो जाने की उम्मीद है। प्राप्त धनराशि से इन भवनों में स्मार्ट क्लास, पुस्तकों के रख- रखाव, नयी प्रयोगशालाओं के निर्माण आदि का कार्य संपन्न किया जायेगा, जिससे विद्यार्थियों को अध्ययन में सुविधा मिलेगी।
अगले सत्र से विवि में कुछ नए पाठ्यक्रम आरंभ करने की योजना है। बी. लिब., पुस्तकालय विज्ञान के इस पाठ्यक्रम का अध्ययन विद्यार्थी के लिए व्यावसायिक दृष्टि से उपयोगी सिद्ध होगा। बी. काम.(बैंकिंग व फाइनेंस), पंचवर्षीय बी.ए.- एल एल. बी., इंटीग्रेटेड बी. एड. जो चार वर्षीय पाठ्यक्रम होगा और इंटरमीडिएट के बाद ही किया जा सकेगा। इस पाठ्यक्रम से विद्यार्थी प्रारंभ से ही अध्यापन की दिशा में आगे बढ़ सकेगा और पुराने पाठ्यक्रम से उसके 1 वर्ष समय की भी बचत होगी। एम. ए. शिक्षाशास्त्र, एम. जे. (पत्रकारिता में स्नातकोत्तर) के अलावा बी.सी.ए. विथ अर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसा व्यावसायिक पाठ्यक्रम चलाने की योजना है, जिनके अध्ययन से विद्यार्थी का कौशल विकास होगा और आज के समय के अनुरूप योग्यता प्राप्त कर नौकरी या स्व- व्यवसाय में आगे बढ़ने में मदद करेगी।
कुलपति ने अपने व्यक्तव्य में विवि की कुलाधिपति एवं महामहिम श्रीमती आनंदीबेन पटेल के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की जिनके निर्देशानुसार राज्य के सभी विवि कार्य कर रहे हैं और लगातार प्रगति- पथ पर आरूढ़ हैं। पीएम- उषा में भी सर्वाधिक अनुदान उत्तर प्रदेश के ही विश्वविद्यालयों को ही मिला है। कुलपति ने उत्तर प्रदेश सरकार के भी प्रति कृतज्ञता व्यक्त की l